कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 26 जून को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. एक LPG गैस टैंकर टोल प्लाजा से टकराने के बाद भीषण आग की चपेट में आ गया। आग इतनी तेजी से फैली कि टैंकर चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद टैंकर में तेज धमाके जैसी आवाज हुई और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता के कारण टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
इस भीषण हादसे में 16 मोटरसाइकिलें और 2 कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की भयावह लपटें और मौके पर मची अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है.पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर के टोल प्लाजा से टकराने के बाद यह हादसा हुआ.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा वायरल वीडियो को साझा करते समय केवल सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें। जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा.