पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना वेव सिटी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक होंडा अमेज कार बरामद की है। यह कार्रवाई 10 मई 2026 को लालकुआं चौराहे के पास की गई.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रशान्त निवासी कंकरखेड़ा, मेरठ और आशीष निवासी जानी, मेरठ के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि वे कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और साथ में घूम रहे थे.
बरामद अवैध हथियार के संबंध में अभियुक्त प्रशान्त ने पुलिस को बताया कि उसने यह पिस्टल अपने चाचा के बेटे रजत से ली थी. पुलिस अब हथियार की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
थाना वेव सिटी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद लगातार चेकिंग अभियान चलाकर अपराध और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।