ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक निर्माणाधीन प्लॉट पर लैंटर डालने की तैयारी के दौरान सरियों के जाल के नीचे से अचानक एक मगरमच्छ निकल आया। इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर मौजूद मजदूरों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्लॉट पर बेस तैयार करने के लिए भारी मात्रा में सरियों का जाल बिछाया गया था.इसी दौरान जाल के नीचे छिपा मगरमच्छ अचानक बाहर निकलने लगा और उसके दबाव से सरियों का जाल क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत सुरक्षित दूरी बना ली और वन विभाग को सूचना दी.

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद वनकर्मियों ने मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास के अनुरूप निकटवर्ती नदी में छोड़ दिया.
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.वीडियो में निर्माण स्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ और मगरमच्छ के रेस्क्यू की झलक दिखाई दे रही है.
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी रिहायशी या निर्माण क्षेत्र में जंगली जीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें.ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके.