गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र में मिशन शक्ति पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक 7 वर्षीय गुमशुदा बच्ची को महज 7 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया.
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को सूचना मिली कि गुलजार मस्जिद के पीछे रूपनगर, लोनी निवासी एक 7 वर्षीय बच्ची दोपहर करीब 2:30 बजे खेलते समय घर से लापता हो गई है। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना थाना लोनी पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही थाना लोनी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। मिशन शक्ति टीम और गश्ती पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार खोजबीन की गई। पुलिस की सक्रियता के चलते बच्ची को लोनी तिराहे के पास गश्त के दौरान सुरक्षित हालत में बरामद कर लिया गया.
इसके बाद बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली। क्षेत्र के लोगों और मोहल्लावासियों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया.