नई दिल्ली। एमईएस बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (रजि.) ने बिल्डर्स की व्यवहारिक एवं नीतिगत समस्याओं के समाधान में कथित अनदेखी के विरोध में बुधवार, 29 जुलाई से राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात और कई बार पत्राचार के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा।

संगठन के अध्यक्ष जी. एस. मग्गो ने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में देशभर की विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि अपने-अपने जोनल चीफ इंजीनियरों को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही प्रेस वार्ता के माध्यम से अपनी बात सरकार और विभाग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

मानद महासचिव संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि यदि इसके बाद भी अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर बिल्डर्स निर्माण कार्य बंद करने जैसे बड़े कदम उठाने को भी मजबूर होंगे। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक बिल्डर्स की लंबित समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं हो जाता।