मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पुरानी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने दो युवकों को गोली मार दी. जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

मिली जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय अंकित जाटव अपने घर के सामने खड़ा था.तभी हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। फायरिंग में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी घटना में 35 वर्षीय आशीष चौधरी भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक की स्थिति बन गई। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है.
फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.