गाजियाबाद। थाना मसूरी पुलिस और एसटीएफ आगरा की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े ऑनलाइन निवेश घोटाले का खुलासा हुआ है। “SEA PRIME CAPITAL” कंपनी के माध्यम से MT-5 ऐप लॉन्च कर लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले शातिर अभियुक्त जतिन्द्र राम को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को दिल्ली रोड सहारनपुर स्थित एक रेस्टोरेंट से दबोचा गया।
यह कार्रवाई 6 अप्रैल 2026 को पंकज कुमार निवासी गंगापुरम, मसूरी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी और उसके साथियों ने क्रिप्टो करेंसी (USDT) में निवेश के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 55 लाख रुपये ठगे। वहीं, एक अन्य पीड़ित अमित नागर से लगभग 2 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने 2016 में ऑनलाइन ट्रेडिंग सीखने के बाद 2022 में SEA PRIME CAPITAL से जुड़कर फ्रैंचाइजी ली। इसके बाद उसने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के कई शहरों में नेटवर्क फैलाकर करीब 20 हजार लोगों को जोड़ लिया और 30-32 हजार ट्रेडिंग अकाउंट खोल दिए। चौंकाने वाली बात यह है कि सभी अकाउंट्स का एक्सेस आरोपी के पास था।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि अब तक 700 से 800 करोड़ रुपये का निवेश इस फर्जी स्कीम के जरिए कराया जा चुका है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।