देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुंबई लोकल ट्रेन में बारिश के दौरान गेट खुला रखने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। इस घटना में एक यात्री की जान चली गई, जबकि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, लोकल ट्रेन में सफर कर रहे दो यात्रियों के बीच ट्रेन का दरवाजा खुला रखने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले दोनों के बीच बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया.इसी दौरान आरोपी रोशन सुवर्णा ने कथित तौर पर चाकू निकालकर दूसरे यात्री मयंक लोहार पर हमला कर दिया.

हमले में मयंक लोहार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई.
सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन सुवर्णा को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद ट्रेन के दरवाजे को खुला रखने और बंद करने को लेकर शुरू हुआ था. बारिश के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चलाता रहा है.लेकिन यह घटना छोटी कहासुनी के खतरनाक अंजाम की ओर इशारा करती है.

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से संयम बरतने और किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस या रेलवे स्टाफ से संपर्क करने की अपील की है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है.