नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाल मिट्टी क्षेत्र के पास यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी यात्री उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। खाई में गिरे वाहन से यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया गया.

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया जा सकता है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार. पहाड़ी मार्ग पर वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग जांच कर रहे हैं.

इस दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे की सटीक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.