पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम, अपराध शाखा और थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए NH-9 पर हुई सनसनीखेज ATM कैशवैन डकैती का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के इनामी दो अभियुक्त मोहम्मद कैफ और मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 लाख 6 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त सिल्वर बलेनो कार, अवैध तमंचा, कारतूस और कुल्हाड़ी बरामद की है।
.jpeg)
जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को इंडिया वन ATM में कैश भरने जा रही कैशवैन को एचपी पेट्रोल पंप के सामने बदमाशों ने निशाना बनाया था। बदमाशों ने फायरिंग और धमकी देकर कैशवैन को लूट लिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि कैशवैन में करीब 27 लाख रुपये मौजूद थे।
घटना के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर 8 विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने CCTV फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गैंग पिछले छह महीने से कैशवैन की रेकी कर रहा था।

आरोपियों ने बताया कि वारदात के दौरान ड्राइवर को गोली मारने की धमकी देकर कैशवैन को कब्जे में लिया गया और अंदर लगे CCTV कैमरों को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया गया ताकि सबूत मिटाए जा सकें। वारदात के बाद लूटी गई रकम का बंटवारा डासना-मसूरी क्षेत्र स्थित एक मकान में किया गया था।
पुलिस के अनुसार इस लूटकांड का मास्टरमाइंड जुबैर अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इसके अलावा गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।
गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।