Pratapgarh House Collapse: 100-Year-Old House Collapses on Sleeping Family, 6 Dead in Tragic Incident

Date: 2026-08-06
news-banner

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित महुली मोहल्ले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। करीब 100 वर्ष पुराना एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के सात सदस्य एसी कमरे में सो रहे थे। देखते ही देखते पूरा कमरा मलबे में तब्दील हो गया और परिवार के सभी सदस्य उसके नीचे दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों में परिवार के माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे महुली मोहल्ले में मातम का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मकान काफी पुराना और जर्जर था, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।

Leave Your Comments