प्रयागराज के सर्किट हाउस में प्रतियोगी छात्रों के साथ आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब प्रशासनिक अधिकारी हॉल में पहुंच गए। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद Sanjay Singh छात्रों के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और कथित पेपर लीक मामलों पर चर्चा कर रहे थे.

बताया जा रहा है कि संवाद कार्यक्रम के दौरान एडीएम सत्यम मिश्रा और डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य हॉल में पहुंचे और कार्यक्रम के संबंध में जानकारी लेते हुए चर्चा को रोकने की बात कही। इसके बाद माहौल गर्म हो गया और सांसद संजय सिंह ने अधिकारियों की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजय सिंह ने कहा कि बंद कमरे में छात्रों के साथ संवाद करने के लिए किसी विशेष अनुमति की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि जिन प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्र अपनी समस्याएं रख रहे हैं, उन्हीं परीक्षाओं को पास करके आज अधिकारी प्रशासनिक पदों पर पहुंचे हैं.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। वहीं प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता का मुद्दा पिछले कुछ वर्षों से लगातार चर्चा में रहा है। ऐसे में प्रयागराज की यह घटना एक बार फिर छात्रों की समस्याओं और प्रशासनिक रवैये को लेकर बहस का विषय बन गई है.