गाजियाबाद: समाजवादी पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में नई जिम्मेदारी का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति तथा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा के अनुमोदन से रिजवान चौधरी (निवासी सादिकपुर. लोनी) को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड. जनपद गाजियाबाद का नगर अध्यक्ष (लोनी) नियुक्त किया गया है.

यह मनोनयन पत्र जिलाध्यक्ष इरफान अमानत चौधरी द्वारा जारी किया गया। पत्र में कहा गया है कि रिजवान चौधरी की पार्टी के प्रति निष्ठा.समर्पण और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है.
समाजवादी पार्टी ने विश्वास जताया है कि रिजवान चौधरी संगठन की नीतियों और राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ पालन करेंगे। साथ ही वे लोनी क्षेत्र में युवाओं को बड़ी संख्या में पार्टी से जोड़ने. संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे.

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष इरफान अमानत चौधरी ने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई नियुक्ति से समाजवादी पार्टी का जनाधार लोनी क्षेत्र में और मजबूत होगा तथा संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी.

पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी रिजवान चौधरी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। माना जा रहा है कि आगामी चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी युवाओं को संगठन से जोड़ने और जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है.