प्रधानाचार्य शकील अहमद बोले— आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी, रूडसेट में 26 युवाओं को मिले स्किल इंडिया प्रमाण-पत्र

Date: 2026-07-21
news-banner

गाजियाबाद। कल्लूगढ़ी रोड, डासना स्थित रूडसेट (RUDSET) संस्थान में आयोजित 38 दिवसीय असिस्टेंट बुक कीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह सोमवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजाद मेमोरियल इंटर कॉलेज, डासना के प्रधानाचार्य शकील अहमद रहे, जिन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले 26 प्रतिभागियों को स्किल इंडिया के तहत प्रमाण-पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

6a5f09a0d094e1784613280.jpeg

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य शकील अहमद ने कहा कि आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि केवल ज्ञान अर्जित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही समय पर अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनका अनुभव जाना और कहा कि रूडसेट संस्थान ने युवाओं के व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को नई दिशा दी है, जिससे वे आज बिना किसी झिझक के अपने विचार रख पा रहे हैं।

6a5f09a9cece51784613289.jpeg

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रविंद्र कुमार शर्मा, पूर्व लिपिक, आजाद इंटर कॉलेज ने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करता है।

संस्थान की निदेशक ऋचा कश्यप शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 26 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान प्रशिक्षण के बाद भी युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण सुविधा, मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि 23 जुलाई से संस्थान में मोबाइल मरम्मत, सिलाई, केक-पेस्ट्री एवं बेकरी प्रोडक्ट तथा सीसीटीवी इंस्टॉलेशन के नए प्रशिक्षण बैच शुरू किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारपरक कौशल सीखने का अवसर मिल सके।

कार्यक्रम का संचालन संकाय सदस्य तरुण कुमार शर्मा ने किया। समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों, संस्थान के स्टाफ तथा अतिथियों ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave Your Comments