उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है.पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 1.25 लाख रुपये का इनामी अपराधी लल्लन सिंह मारा गया। पुलिस के अनुसार लल्लन सिंह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज थे.

जानकारी के मुताबिक पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी.जिसके बाद विशेष टीम ने इलाके में घेराबंदी की. खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें लल्लन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया.उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार लल्लन सिंह पर सात हत्या के मामलों में संलिप्त होने का आरोप था. इसके अलावा उसके खिलाफ कई अन्य संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। आरोपी पर 1.25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी.
बताया जा रहा है कि हाल ही में दर्ज एक हत्या के मामले में भी वह वांछित चल रहा था. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था और इसी दौरान यह मुठभेड़ हुई.
मुठभेड़ के बाद मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.