उत्तर प्रदेश के संभल जिले के धनारी थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने कथित तौर पर खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। घटना थाने के गेट के अंदर हुई, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक किसी मामले को लेकर थाने पहुंचा था। इसी दौरान उसने अचानक अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग लगा ली। आग लगते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और युवक को बचाया.
घटना में युवक लगभग 25 से 30 फीसदी तक झुलस गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया.जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है.
मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया और इसके पीछे क्या कारण थे.
संभल के पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई ने बताया कि युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है.
घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.