हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आज सील्ड रोड पर बिना परमिट वाले वाहनों के प्रवेश को लेकर बड़ा विवाद देखने को मिला। हाईकोर्ट से जुड़े वकीलों ने इस व्यवस्था का कड़ा विरोध करते हुए मौके पर कार्रवाई की मांग उठाई.

जानकारी के अनुसार, वकीलों की शिकायत के बाद पुलिस ने कई बिना परमिट चल रही VVIP और सरकारी वाहनों के चालान काटे। इनमें कुछ प्रशासनिक और वरिष्ठ अधिकारियों की गाड़ियां भी शामिल बताई जा रही हैं.

मामले में सबसे चर्चा का विषय तब बना जब प्रदेश सरकार के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की एक वाहन को सील्ड रोड पर बिना वैध परमिट के चलते पकड़ा गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 1500 रुपये का चालान काटा.

इसके अलावा, शिमला शहरी की एसडीएम ओशीन शर्मा और डीआईजी रैंक के एक अधिकारी की गाड़ी पर भी कार्रवाई की गई, क्योंकि ये वाहन भी कथित रूप से सील्ड रोड पर बिना अनुमति के प्रवेश कर रहे थे.

इस पूरे घटनाक्रम के बाद शिमला में प्रशासनिक व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर बहस तेज हो गई है। हाईकोर्ट से जुड़े वकीलों का कहना है कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए, चाहे वह आम नागरिक हो या वीवीआईपी.

वहीं प्रशासनिक स्तर पर इस मामले की समीक्षा की जा रही है और ट्रैफिक व्यवस्था को और सख्त करने की बात कही जा रही है.