पटना। बिहार के नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav ने पेट्रोल, डीजल और CNG की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में लगातार ईंधन कीमतों में वृद्धि कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है.
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बीते 10 दिनों में तेल की कीमतों में करीब 5 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतें पहले की तुलना में कम होने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं.
उन्होंने दावा किया कि बढ़ती ईंधन कीमतों का सीधा असर महंगाई पर पड़ेगा और आने वाले दिनों में आम लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि प्राइवेट सेक्टर में नौकरियों पर असर पड़ेगा, छोटे उद्योग-धंधे कमजोर होंगे और बेरोजगारी व गरीबी बढ़ सकती है.
राजद नेता ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार का ध्यान रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों से हटकर अन्य राजनीतिक और सांप्रदायिक मुद्दों पर अधिक केंद्रित है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के लिए महंगाई और रोजगार जैसे विषयों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है.
ईंधन कीमतों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में महंगाई और आर्थिक मुद्दे राजनीतिक बहस के प्रमुख केंद्र बन सकते हैं.