उधम सिंह नगर के जसपुर में दो युवकों पर हमला, भाग रहे युवक को कार से टक्कर मारने का आरोप
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में दो युवकों पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार. शब्बू और मोहसीन होटल से लौट रहे थे.तभी चांद मस्जिद मोड़ के पास दो कारों में सवार कुछ लोगों ने उनकी बाइक रोक ली.

आरोप है कि हमलावरों ने दोनों युवकों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान जान बचाकर भाग रहे मोहसीन को कथित रूप से एक कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और घायल युवक के साथ दोबारा मारपीट कर मौके से फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं.आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभी तक हमले के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.