हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

जानकारी के अनुसार घटना ऊना बाजार क्षेत्र की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्ची सड़क पर अकेली मौजूद थी, तभी आवारा कुत्तों का एक झुंड उस पर टूट पड़ा। बताया जा रहा है कि कुत्तों ने करीब 68 सेकेंड तक बच्ची को घेरकर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग शुरुआत में स्थिति को समझ नहीं पाए। बाद में स्थानीय नागरिक घरों और दुकानों से बाहर निकले और किसी तरह बच्ची को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है. जिससे बच्चों. बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है.

नागरिकों ने प्रशासन और नगर निकाय से आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है.लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि आवारा पशुओं के प्रबंधन, नसबंदी कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी तरीके से लागू करना जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है.