ओमान की खाड़ी (Gulf of Oman) में एक बड़ा समुद्री हादसा उस समय सामने आया जब MT Settebello नामक मालवाहक टैंकर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की चपेट में आ गया। जहाज पर कुल 24 भारतीय नाविक सवार थे. जिनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई है.
रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी सेना ने जहाज को निशाना बनाया। अमेरिका का दावा है कि जहाज को कई बार निर्देश दिए गए थे. लेकिन कथित तौर पर उनका पालन नहीं किया गया। इसके बाद सैन्य कार्रवाई की गई.

भारत सरकार ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अमेरिका के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है और इससे वैश्विक व्यापार तथा समुद्री सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है.
मृत भारतीय नाविकों की पहचान आदित्य शर्मा, शिवानंद चौरसिया और पी. सुरेश के रूप में हुई है. भारत सरकार ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है और होरमुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं वैश्विक शिपिंग और तेल आपूर्ति पर भी असर डाल सकती हैं.